मूंढापांडे। थानाक्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर जीरो प्वाइंट के पास बृहस्पतिवार की सुबह करीब चार बजे कैंटर आगे चल रहे वाहन से टकरा गया। इस हादसे में कैंटर के चालक की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले चालक की पहचान सतवीर (50) के रूप में हुई है। वह हरियाणा के सोनीपत निवासी है। बताया जा रहा है कि सतवीर सोनीपत से कैंटर में मुर्गी के बच्चे लादकर हल्द्वानी जा रहा था। बृहस्पतिवार की सुबह करीब चार बजे कैंटर जीरो प्वाइंट के पास से गुजर रहा था। इस दौरान कैंटर आगे चल रहा किसी वाहन में घुस गया। जिससे सतवीर गंभीर घायल हो गया था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल भिजवाया था जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है। सीओ हाईवे राजेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।