सिरसवां दोराहा। भोजपुर नगर पंचायत की बैठक में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सफल बनाने के लिए सफाई अभियान चलाने एवं विद्युत खंभे हटवाने का प्रस्ताव पास किया गया। नगर पंचायत भोजपुर के सभागार में बुधवार को बोर्ड की बैठक हुई, जिसमें अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह ने विगत बैठक की कार्रवाई को पढ़कर सुनाई सदस्यों ने उसका अनुमोदन किया।
अध्यक्ष फरखंदा जबीं ने बताया संचारी रोग अभियान को सफल बनाने के लिए नगर के प्रत्येक वार्ड में नालियों की सफाई, कूड़े को हटाने का अभियान चलाना है, जिससे नागरिक संचारी रोगों से सुरक्षित रहें। इस पर उपस्थित सदस्यों ने प्रस्ताव को पारित कर दिया। सदस्य अल्ताफ अंसारी, गयासुद्दीन, शरीफ अहमद, नाजिर हुसैन, तौकीर कुरैशी आदि ने कहा नगर के वार्डों में काफी संख्या में जर्जर विद्युत खंभे खड़े हैं, जो नीचे से गले एवं जर्जर हो गए हैं। इस कारण कोई भी दुर्घटना हो सकती है तथा कुछ स्थानों पर विद्युत तार नीचे हैं। इस समस्या का समाधान होना चाहिए। इस पर अध्यक्ष एवं ईओ ने आवश्यक कार्रवाई कर विद्युत विभाग को भेजा के आदेश दिए। मौके पर फिरासत हुसैन, अर्समान अंसारी, मोहम्मद परवेज, चेतराम, गंगाराम, महेंद्र, आदि मौजूद थे।