आरक्षित टिकटों की कालाबाजारी कर रहे कैफे संचालक को आरपीएफ की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरपीएफ ने आरोपी के कब्जे से पंजाब मेल का एक टिकट बरामद किया है। जो मुरादाबाद से लखनऊ के लिए था। उसके खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
आरोपी आयुष कुमार उर्फ राजन पुत्र सुनील कु़मार सक्सेना मुगलपुरा के कानून गोयान का रहने वाला है। गुरहट्ठी चौराहे के पास योगी राज इंटरनेट सेंटर नाम से कंप्यूटर कैफे है। आरपीएफ को सूचनाएं मिल रही थी कि आयुष आरक्षित टिकटों की कालीबाजारी करता है।
लेकिन मौके से हत्थे नहीं चढ़ पा रहा था। मंगलवार को आरपीएफ इंस्पेक्टर शिव दयाल मीना ने अपनी टीम के साथ गुरहट्ठी चौराहे पर कैफे पर छापा मारकर आयुष कुमार उर्फ राजन को पकड़ लिया। टीम ने जांच पड़ताल की तो मौके से पंजाब मेल का मुरादाबाद से लखनऊ तक का एसी थर्ड का टिकट मिल गया।
24 मई का टिकट है। पुलिस ने कंप्यूटर, सीपीयू और अन्य दस्तावेज बरामद कर लिए हैं। इंस्पेक्टर शिव दयाल मीना ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मंगलवार दोपहर बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
आरोपी ने आरपीएफ को पूछताछ में बताया है कि वह पिछले पांच छह माह से इस धंधे को अंजाम दे रहा था। एक टिकट पर वह 200 रुपये लेता था। पंजाब मेल का जो टिकट उससे बरामद किया गया है। वो भी उसे ने एक ग्राहक के लिए बनाया था। इस टिकट भी सौ रुपये मिलने थे।
ई-टिकट बनाने के लिए फर्जी आईडी बनाई जाती है। इंटरनेट के जरिये टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी जाती है। टिकट कंफर्म होने पर उसे ग्राहक को बेच दिया जाता है। 200-500 रुपये तक अतिरक्ति वसूली की जाती है।