मुरादाबाद। ब्रॉडकास्टर कंपनियों के पेड टीवी चैनल बंद करने के बाद से उपभोक्ता परेशान हैं। टीवी चैनलों के दाम बढ़ाने का दबाव ब्रॉडकास्टर बना रहे हैं। मल्टी सिस्टम ऑपरेटर द्वारा इसका विरोध करने पर ही ब्रॉडकास्टर कंपनियों ने सिग्नल बंद किए हैं।
इसके चलते सोनी, जी, स्टार, डिज्नी स्टार आदि चैनल उपभोक्ता नहीं देख पा रहे हैं। शहर में 60 हजार उपभोक्ता डेन केबल नेटवर्क से जुड़े हैं। केबल ऑपरेटर ललित कौशिक, अवनीश शर्मा, मुकेश, महेंद्र आदि का कहना है कि यदि ब्रॉडकास्टरों का फैसला स्वीकार किया तो दाम 50 प्रतिशत तक बढ़ सकते हैं। इससे उपभोक्ताओं का मासिक खर्च 350 से बढ़कर 700 रुपये हो जाएगा। ऐसे में इसका विरोध देशभर में ऑपरेटरों की यूनियन कर रही है।
उनका कहना है कि पिछली बार दाम बढ़ने के बाद ग्राहक 50 प्रतिशत ही बचे हैं, यदि इस बार फिर दाम बढ़ाए गए तो कोई भी ग्राहक नहीं बचेगा। ब्रॉडकास्टर्स और ऑपरेटर्स की जद्दोजहद के बीच 18 फरवरी से चैनल बंद हैं। वहीं, रिलायंस, वायकॉम 18 मीडिया ने इस फैसले से खुद को अलग रखा है। इसके सारे चैनल टीवी पर दिखाए जा रह हैं।