बिलारी। नगर के मोहल्ला अब्दुल्ला पूर्वी स्थित 132 केवी बिजलीघर की मशीनों में लगा केबल बॉक्स फट जाने से शुक्रवार को पूरे बिलारी नगर में लगातार सात घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। दोपहर बारह बजे के बाद रोस्टिंग का समय शुरू हो गया। नगरीय विद्युत उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति शुरू करने के लिए जब फीडर लगाया गया तब ट्रिपिंग हो गई। बाद में पता चला कि 132 केवी बिजलीघर में लगा केबल बॉक्स फट गय है और लाइन ब्रेकडाउन में चली गई है। विद्युत कर्मियों को फटा केबल बॉक्स ठीक करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। ऐसी स्थिति में शुक्रवार शाम सात बजे के बाद ही विद्युत आपूर्ति सुचारु हो पाई। कड़ी सर्दी और बारिश के मौसम में बिलारी नगर के उपभोक्ताओं को लगातार सात घंटे तक विद्युत आपूर्ति मिलने से वंचित रहने पर काफी परेशानी हुई। नगरीय विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता ने बताया कि केबल बॉक्स ठीक करने और विद्युत लाइन में हुआ ब्रेकडाउन दूर करने में काफी समय लग गया इसी वजह से दोपहर से शाम तक विद्युत आपूर्ति देना संभव नहीं हो पाया।