मुरादाबाद। मरीजों की छह घंटे की ओपीडी में दूसरे दिन भी स्वास्थ्य कर्मियों के कार्य बहिष्कार से दो घंटे की कटौती के चलते चार घंटे ही ओपीडी चली। बुधवार को भी मरीज हाथों में पर्चा लेकर इलाज के जिला अस्पताल परिसर में भटकते रहे।
स्वास्थ्य विभाग में नियम विरुद्ध किए गए तबादले के विरोध में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने बुधवार को दूसरे दिन भी दो घंटे कार्य बहिष्कार किया। कामकाज ठप कर फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ओपीडी परिसर में इकट्ठा हो गए। मरीज पर्चा बनवाकर इलाज, दवा और जांच के लिए अस्पताल परिसर में भटकते रहे। वहीं स्वास्थ्य कर्मचारी अपना विरोध प्रदर्शन जताते रहे।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप बडोला ने कहा कि विभाग की गलत नीतियों के चलते स्वास्थ्य कर्मी आंदोलन के लिए मजबूर हो रहे हैं। लैब टेक्नीशियन के अध्यक्ष महेश सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की कई जायज मांगे लंबित हैं, दूसरी ओर कर्मचारियों का नियम विरुद्ध स्थानांतरण कर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। इस दौरान हेमंत चौधरी, निश्चल भटनागर, मंजू बाला, पूनम मैसी, रितु थामस, प्रीति राना, सुशील, चंद्रशेखर शर्मा, पीपी सिंह, कुंदन सिंह, पंकज पांडे, एससी गौड़ आदि मौजूद रहे।