मुरादाबाद। प्रवासियों को उनके गृह जनपदों तक पहुंचाने के लिए मुरादाबाद से 100 रोडवेज बसें दिल्ली भेजी गई हैं। दरअसल दिल्ली में लॉकडाउन के कारण प्रवासियों का गृह जनपदों को लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। दिल्ली के बस अड्डे पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। राजधानी में प्रशासन के पास रोडवेज बसों की संख्या पर्याप्त ना होने के कारण मुरादाबाद से बसें भेजी गई हैं।
मुरादाबाद परिक्षेत्र से लगभग 400 बसों का संचालन किया जा रहा है। इनमें सबसे ज्यादा बसें दिल्ली की ओर जाने वाली हैं। इसके अलावा दिल्ली से पूर्वांचल की ओर बसों को चलाया जा रहा है। मुरादाबाद से भी लखनऊ, बनारस, लखीमपुर आदि जनपदों को जाने वाली बसों में यात्रियों की भीड़ है। हालांकि लखनऊ में कोरोना संक्रमण की रफ्तार अन्य जनपदों के मुकाबले तेज है। इसके बावजूद लोगों का लखनऊ की ओर रवानगी का सिलसिला जारी है।
आरएम अतुल जैन ने बताया कि मुरादाबाद से 100 बसें दिल्ली भेजी गई हैं, जिससे प्रवासियों को उनके घरों तक पहुंचाया जा सके। आरएम ने बताया कि विभिन्न शहरों में लॉकडाउन के स्थिति के कारण लोग डरे हुए हैं और अपने गृह जनपदों को लौट रहे हैं। पिछले दिनों हरिद्वार जाने वाली बसों में लोगों की भीड़ थी लेकिन अब पूर्वांचल की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक है।