ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। नया गांव बहादुर नगर निवासी स्कूल बस चालक रूपेंद्र सिंह चौहान की हत्यारोपी उसकी पत्नी अंशु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि हत्या करने वाले अंशु के प्रेमी देवर नवनीत को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया था। बुधवार दोपहर बाद पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
ठाकुरद्वारा के नया गांव बहादुर नगर निवासी योगेंद्र सिंह बेटे रूपेंद्र सिंह चौहान (35) की शादी करीब सात साल पहले क्षेत्र के लौंगी खुर्द निवासी नरेश सिंह की बेटी अंशु के साथ हुई थी। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि रूपेंद्र के चचेरे भाई नवनीत और अंशु के बीच संबंध थे। रूपेंद्र सिंह ने विरोध किया तो नवनीत और अंशु ने उसकी हत्या करने की साजिश रच ली थी। 29 नवंबर को भी विवाद हुआ था। नवनीत ने रूपेंद्र को गोली मारने की धमकी दी थी। साजिश के तहत ही दो दिन पहले अंशु अपने बच्चों को लेकर मायके लौंगी खुर्द चली गई थी। सोमवार की रात करीब 10:30 बजे आरोपी नवनीत रूपेंद्र सिंह के घर पर पहुंच गया था और सो रहे रूपेंद्र के सिर में गोली मार दी थी। मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे रूपेंद्र अपने घर में मृत पाया गया तो घटना की जानकारी हो पाई थी। मंगलवार को आरोपी नवनीत को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि बुधवार को अंशु चौहान को भी गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में आरोपी नवनीत और अंशु ने कबूला है कि वह शादी करना चाहते थे इस लिए उन्होंने साजिश रच कर हत्या की है। बुधवार दोपहर बाद पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया जहां से आरोपी जेल भेज दिए गए हैं।