दिवाली के मौके पर फ्लाई बिग कंपनी को यात्रियों का अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। दो नवंबर तक हर फ्लाइट में महज दो या तीन सीटें ही खाली हैं। कुछ तारीखों में तो सिर्फ एक ही सीट बची है। यात्रियों को ट्रेन के फर्स्ट एसी के किराये में लखनऊ का सफर खूब रास आ रहा है।
अब यात्रियों को लुभाने के लिए व शेष सीटों को जल्द भरने के लिए कंपनी किराये में छूट दे सकती है। हाल ही में कंपनी ने दिवाली के लिए गाजियाबाद से बठिंडा एयरपोर्ट की फ्लाइट में 400 रुपये की छूट लागू की है। चूंकि मुरादाबाद से अच्छी बुकिंग मिल रही है, इसलिए यहां छूट की संभावना कम है।
हालांकि जानकारों का कहना है कि मुरादाबाद से लखनऊ के लिए भी आदेश जारी हो सकता है। यात्रियों से अच्छा रिस्पांस मिलने का सिलसिला 10 अगस्त से उड़ान शुरू होने के बाद से जारी है। हालांकि फ्लाइट के किराये में विविधता है।
किसी तारीख में सीट बुकिंग 4000 रुपये में हो रही है तो किसी तारीख में 1348 रुपये में भी लखनऊ तक हवाई सैर का मौका है। फिलहाल मुरादाबाद से लखनऊ तक मंगलवार, बृहस्पतिवार व शनिवार को फ्लाइट है। बेस फेयर 999 रुपये है, टैक्स लगने के बाद कुल किराया 1348 रुपये हो जाता है।
यह भी पढ़ें: सद्भावना एक्सप्रेस चार अक्तूबर तक रद्द, किसान समेत छह ट्रेनों का बदला रूट
शुरुआती सीटें भरने के बाद किराया 2148 व अंतिम तीन सीटें रह जाने पर किराया 3148 रुपये हो जाता है। लखनऊ से वापसी के लिए भी कंपनी को अच्छी संख्या में बुकिंग मिल रही है। कंपनी के पीआरओ नितिन ऑगस्टीन ने बताया कि गाजियाबाद से बठिंडा तक यात्रियों को किराये में कुछ छूट दी गई है। मुरादाबाद के लिए आदेश आते ही सूचित किया जाएगा।
दिवाली तक मिल सकती है कानपुर की फ्लाइट की अनुमति
मुरादाबाद से कानपुर की फ्लाइट के लिए दिवाली तक फ्लाई बिग की अनुमति मिल सकती है। इसके बाद नवंबर में ही कंपनी दूसरी फ्लाइट का शुभारंभ करने की योजना बना रही है। हालांकि अभी सब कुछ तैयारियों के विषय में कहा जा रहा है।
डीजीसीए से पत्र मिलने के बाद ही कंपनी आधिकारिक शेड्यूल व किराया जारी करेगी। कंपनी के एक्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन राजीव कुमार दावा कर चुके हैं कि जल्द ही मुरादाबाद एयरपोर्ट पर एक ही समय में तीन विमान खड़े नजर आएंगे। कानपुर के अलावा देहरादून की फ्लाइट की भी योजना बन रही है।