पाकबड़ा। सरकारी तालाब की जमीन पर बने अवैध निर्माण के खिलाफ मंगलवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली हाईवे स्थित एक अवैध मजार को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चली कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई और राजस्व विभाग ने कब्जामुक्त कराई गई जमीन नगर पंचायत को सौंप दी।
प्रशासन के अनुसार दिल्ली हाईवे पर गाटा संख्या 1180 की करीब 1620 वर्गमीटर सरकारी तालाब की भूमि पर अवैध रूप से मजार और उससे जुड़े निर्माण कर लिए गए थे। राजस्व अभिलेखों की जांच, सीमांकन और नियमानुसार पूरी प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद अतिक्रमण हटाने का फैसला लिया गया। मंगलवार सुबह राजस्व विभाग, नगर पंचायत और पाकबड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। बुलडोजर से कुछ ही देर में पूरा अवैध निर्माण ढहा दिया गया और सरकारी जमीन को कब्जामुक्त करा लिया गया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। दिल्ली हाईवे पर यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए अलग से यातायात व्यवस्था भी की गई। प्रशासन की कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में सिर्फ यही नहीं, बल्कि कई सरकारी तालाबों और श्मशान की जमीन पर भी वर्षों से अवैध कब्जे हैं। उनका आरोप है कि सार्वजनिक संपत्तियां लगातार सिकुड़ रही हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जिस सख्ती से इस सरकारी तालाब की जमीन को कब्जामुक्त कराया गया है, उसी तरह अन्य तालाबों और श्मशान की भूमि पर हुए अतिक्रमण भी हटाए जाएं, ताकि सरकारी संपत्तियों को पूरी तरह सुरक्षित किया जा सके।