मुरादाबाद। बुध बाजार में स्मार्ट रोड नेटवर्क के अव्यवस्थित ढंग से चल रहे काम के कारण व्यापारी परेशान हैं। वजह यह है कि करीब एक साल पहले बुध बाजार में बिजली की अंडरग्राउंड लाइन डालने का शुरु किया गया काम अभी तक पूरा नहीं हो सका है। दो बार बिजली की अंडरलाइन डालने के लिए की गई खोदाई के बाद अब तीसरी बार बुध बाजार पुलिस चौकी से बुध बाजार चौराहा तक खोदाई की गई है। ईद और नवरात्र का त्योहार नजदीक आने के बावजूद व्यापारियों की दुकान के आगे खोद कर छोड़ दिए गए गड्ढों से व्यापारियों में रोष है।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत बुध बाजार की करीब 800 मीटर रोड समेत शहर की 15 सड़कों को स्मार्ट बनाया जाना है। इसकी शुरूआत एक साल पहले बुध बाजार से की गई थी। इसके लिए सबसे पहले बुध बाजार की बिजली लाइनों को उतार कर उनके स्थान पर अंडरग्राउंड लाइन डाल कर व्यापारियों को कनेक्शन देना था। इस काम के बाद ही राज्य निर्माण निगम की टीम को फसाड लगाने, सड़क बनाने आदि का काम करना है। बिजली की अंडरग्राउंड लाइन डालने का काम कर रही रिलायंस इलेक्टि्रकल कंपनी शुरू के चार माह का समय बिना काम किए ही बिता दिया। जिसे लेकर मंडलायुक्त ने भी खासी नाराजगी जताई। काम में देरी को लेकर नगर आयुक्त ने संबंधित कंपनी पर अक्तूबर 2023 में 17 लाख रुपये जुर्माना भी डाला था। इसके बाद काम में कुछ तेजी आई थी।
करीब एक साल से चल रहे काम में बुध बाजार के अधिकांश स्थानों पर बिजली की अंडरग्राउंड लाइन डालने के साथ व्यापारियों काफी व्यापारियों को कनेक्शन भी दे दिए गए हैं, लेकिन बुध बाजार पुलिस चौकी से बुध बाजार चौराहा तक में बिजली की अंडर ग्राउंड लाइन डालने का काम अभी तक पूरा नहीं हो सका है।
होली के मौके पर स्मार्ट सिटी की टीम ने इस मार्ग पर यातायात बंद करके खोदी गई सड़क को चलने लायक बनाने के लिए सिंगल कोट का काम भी किया, लेकिन उस समय भी बिजली की अंडरग्राउंड लाइन के लिए खोदाई नहीं की गई। जब सड़क का निर्माण हो गया और यातायात खोले जाने के बाद व्यापारियों ने कुछ राहत की सांस ली तो शनिवार को बिजली की केबल डालने के लिए फिर दुकानों के आगे सड़क पटरी के पास केबल डालने के लिए खोदाई कर छोड़ दिया गया। इससे व्यापारियों में रोष है।