सुरजननगर(मुरादाबाद)। व्हाट्सएप काॅल पर युवक का फोटो मंगवाने के बाद युवती ने उसे अपने साथ दिखाते हुए एडिट कर लिया और फिर उससे अपने साथियों की मदद से 77 हजार रुपये भी ठग लिए। यही नहीं युवती के एक साथी ने फोन पर खुद को दिल्ली का डीआईजी बताकर युवक को कार्रवाई के नाम पर डराया-धमकाया। इस मामले में पीड़ित युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
सुरजननगर निवासी युवक ने बताया कि बुधवार की शाम उसके व्हाट्सएप नंबर पर एक युवती का फोन आया। युवती ने बातों में फंसाकर उसका व्हाट्सएप पर फोटो मंगवा लिया और उसे अपने साथ अश्लीलता परोसते हुए एडिट कर लिया। युवती ने कुछ देर बाद ही यह एडिट फोटो युवक को भेजकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। बृहस्पतिवार सुबह युवती के एक साथी ने वर्दी पहनकर उसे फोन किया और खुद को दिल्ली का डीआईजी बताया। इस युवक ने अपने एक अन्य साथी से भी बात कराई। युवक ने बताया कि उसने अपने अपने मान सम्मान की खातिर मुकदमा समाप्त करने की गुहार लगाई जिस पर कॉल करने वाले ने मुकदमा समाप्त करने के नाम पर 21 हजार 500 रुपये बैंक खाते में डलवा लिए। कुछ देर बाद फिर से कॉल आई कहा कि 55,500 और डाले। उसने अपनी पत्नी के जेवर बेचकर किसी तरह रुपये जुटा कर फिर से खाते में डाल दिए । आधा घंटा भी नहीं बीता था कि फिर से एक लाख रुपये की डिमांड शुरू हो गई । युवक का कहना है कि वह मेहनत मजदूरी कर अपने घर परिवार का भरण पोषण करता है युवक ने शुक्रवार को कोतवाली ठाकुरद्वारा पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी लेकिन पुलिस ने उसकी कोई न सुनी तब बह निराश हो कर वापस अपनेे घर आ गया। उसके घर पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इसके बाद उसने 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई है।