बड़े भाई ने घर में सो रहे छोटे भाई की सिर पर हथौड़े से प्रहार कर हत्या कर दी। हत्यारोपी खुद थाने पहुंच गया। उसने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई सीधा-साधा है। छोटा भाई उनके साथ मारपीट करता था। जब वह नहीं माना तो मजबूरन उसे मौत के घाट उतारना पड़ा।
यह सनसनीखेज वारदात सोमवार को तड़के लगभग साढ़े चार बजे थाना क्षेत्र के गांव मोहरकापट्टी में हुई। मोबाइल टावर के निकट घसीटा का मकान है। उनके छह बेटे हैं। सबसे छोटा पुत्र समीर मलिक उर्फ गुड्डू (20) अपनी बैठक में सो रहा था। बताते हैं कि बड़े भाई नवाब की पत्नी फूलजहां लगभग पांच बजे फज्र की नमाज के लिए जगाने को उसके कमरे में पहुंची।
यहां चारपाई पर पड़ा गुड्डू छटपटा रहा था और उसके सिर से खून बह रहा था। यह देख फूलजहां ने शोर मचा दिया। नमाज को जा रहे लोग वहां जमा हो गए। गुड्डू को आनन-फानन में निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को लेकर गांव लौट गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि गुड्डू के सिर पर बायीं तरफ भारी वस्तु से प्रहार किया गया था। थाने पहुंचे मृतक के बड़े भाई हत्यारोपी आसिफ उर्फ बबलू ने पुलिस को बताया कि वह छोटे भाई की हत्या करने के बाद यहां आया है। उसने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई अबरार बेहद सीधा है। वह उसके साथ मारपीट करता था।
गुड्डू के एक रिश्तेदार महिला से भी अवैध संबंध थे, पूर्व में कई बार परिजनों ने समझाया, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। घर में तीन दिन पूर्व भी झगड़ा हुआ था। गुड्डू ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी थी। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ में बबलू ने ही अपने भाई की हत्या करने की बात कही है। पिता घसीटा की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
हत्यारोपी ने ही बताया कहां है हथौड़ा
बबलू की गजरौला के मोहल्ला लक्ष्मी नगर में रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान है। पुलिस उसके शव को लेकर गांव से जा चुकी थी। हलके के दो सिपाही ही वहां मौजूद थे। इसी बीच उनके पास थाने से फोन आया। बताया गया कि गुड्डू की हत्या उसी के सगे भाई ने की है और हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा सड़क पर खुलने वाले दरवाजे के सामने कीचड़ में पड़ा हुआ है। पुलिस ने हथौड़ा बरामद कर लिया है।