मुरादाबाद। संभल जिले के असमोली क्षेत्र के कमालपुर उर्फ कापूरपुर निवासी साबरीन उर्फ समरीन की हत्या उसके जीजा हासिम ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर की थी। सोमवार को पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस का दावा है कि साबरीन के अपने जीजा से संबंध थे। वह जीजा पर शादी करने के लिए दबाव बना रही थी। जिससे तंग आकर हासिम ने साली की हत्या करने के बाद उसकी लाश मैनाठेर क्षेत्र में बघी गोवर्धनपुर के जंगल में कुएं में फेंकी थी।
मैनाठेर थाना क्षेत्र के बघी गोवर्धनपुर गांव के जंगल में शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे कुएं में एक युवती की लाश मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि युवती की गला दबाकर हत्या की गई थी। अगले दिन शनिवार को मृतका की पहचान संभल जिले के असमोली क्षेत्र के कमालपुर उर्फ कापूरपुर सबरीन उर्फ समरीन (25) के रूप में हुई थी। युवती 26 फरवरी की रात से गायब थी। पुलिस ने इस मामले की जांच पड़ताल की, मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई और परिवार के लोगों से पूछताछ की तो उन्होंने कुछ लोगों पर शक जताया। सोमवार को पुलिस ने साबरीन के जीजा संभल जिले के हजरत नगर गढ़ी थाना क्षेत्र के सिरसी मोहल्ला चौधरियान निवासी हासिम को गिरफ्तार कर लिया। उसने पूछताछ में बताया कि साबरीन से उसके संबंध थे। साबरीन उस पर शादी करने के लिए दबाव बना रही थी। शादी नहीं करने पर जेल भिजवाने की धमकी दे रही थी। जिससे तंग आकर हासिम ने अपने दोस्त अजीम बाबू और आदिल के साथ मिलकर 26 फरवरी की रात युवती को मिलने के बहाने बुला लिया था। इसके बाद दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी थी और शव मैनाठेर क्षेत्र में कुएं में फेंक दिया था। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि तीनों को सोमवार की शाम कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
-
परिवार को बेहोश कर घर से जेवर लेकर निकली थी साबरीन
मुरादाबाद। साबरीन उर्फ समरीन के पिता बाबू भट्ठे पर चौकीदारी करते हैं। 26 फरवरी की रात भी वह ड्यूटी पर गए थे। घर में साबरीन की मां परवीन, बहन तरन्नुम, भाई अजीम, अब्दुल और दो वर्षीय भांजी थी। 27 फरवरी की सुबह बाबू सेहरी के समय घर पहुंचे तो दरवाजा खुला मिला था जबकि परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। साबरीन ने खाने में नशे की गोलियां मिला दीं थीं। हासिम ने कबूला है कि उसने ही साबरीन से कहा कि वह खाने में गोलियां मिलाकर आए।