मुरादाबाद। कोतवाली क्षेत्र में एक युवती को उसके जीजा ने खरीदारी कराने के बहाने बुला लिया। आरोप है कि जीजा उसे होटल में ले गया और छेड़खानी की। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
कटघर थाना क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय युवती ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन की शादी ठाकुरद्वारा थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुई है। मार्च 2023 के अंतिम सप्ताह में खरीदारी कराने के बहाने जीजा ने उसे बुधबाजार में बुलाया था। आरोप है कि जीजा रेलवे स्टेशन के सामने एक होटल में ले गया और चाय-नाश्ता कराया। इसी दौरान उसने युवती के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट कर उसके कपड़े फाड़ दिए थे। आरोपी ने मोबाइल से युवती की अश्लील फोटो और वीडियो बना ली थी।
धमकी देकर कहा कि उसके परिवार वालों को पिकअप से कुचल कर मार देगा। पीड़िता ने इस मामले की शिकायत किसी से नहीं की थी। अब आरोपी नए-नए नंबराें से कॉल करके उस पर दबाव बना रहा है कि वह उससे मिलने आए। सीओ कोतवाली देश दीपक सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।