मूंढापांडे के गांव निवासी पीड़ित महिला के पति ने दर्ज कराए केस में बताया कि वह आठ माह पहले दुबई काम करने गया था। घर में उसकी पत्नी और अन्य परिजन रहते हैं। उसकी मौजूदगी में उसका बहनोई उसके घर आता-जाता था। आरोपी बहनोई रामपुर जिले के टांडा थाना क्षेत्र के गांव में रहता है।
आरोप है कि उसने एक दिन बाथरूम में मोबाइल लगा दिया। उसकी पत्नी नहाने गई तो उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इस वीडियो के जरिए उसकी पत्नी को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। महिला ने उसकी बात मानने से इन्कार किया तो आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
आठ माह तक आरोपी पीड़िता को ब्लैकमेल करता रहा। पति दुबई से आया तो पत्नी ने आपबीती सुनाई। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपी पर दुष्कर्म और आईटी एक्ट में केस दर्ज किया है।
किशोरी को अगवा कर किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाली किशोरी को अगवाकर दुष्कर्म करने के आरोपी अभिराज उर्फ नन्हू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रविवार को पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से आरोपी को जेल भेज दिया है।
मझोला में रहने वाले एक व्यक्ति ने 18 अक्तूबर को केस दर्ज कराया था, जिसमें उसने बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी को एक युवक 17 अक्तूबर को बहला-फुसला कर अगवा कर ले गया था। पुलिस ने इस मामले में जांच पड़ताल की जिसमें सामने आया कि संभल के असमोली थाना के मिलक बेला निवासी अभिराज उर्फ नन्हू किशोरी को अगवाकर ले गया है।