बकाया टैक्स अदा न करने पर ब्रास फैक्टरी को सील करती नगर निगम की टीम।
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। बकाया टैक्स वसूली को लेकर नगर निगम की टीम ने एक ब्रास फैक्टरी और बुध बाजार स्थित वक्फ बोर्ड प्रापर्टी में मौजूद एक इलेक्ट्रानिक शोरूम को सील कर दिया। ब्रास फैक्टरी सील करने के विरोध में निर्यातकों के एक प्रतिनिधि मंडल ने मेयर विनोद अग्रवाल और अपर मुख्य अधिकारी से मुलाकात कर विरोध जताते हुए टैक्स वसूली के नाम पर निर्यातकों के उत्पीड़न का आरोप लगाया। दोनों ने उत्पीड़न न होने देने का आश्वासन दिया। उधर बकायेदार ब्रॉस फैक्टरी स्वामी ने आठ लाख व शोरूम स्वामी ने 2.50 लाख रुपये जमा कर दिए। जिसके बाद शोरूम खोल दिया गया।
बकाया टैक्स वसूली को लेकर बुधवार नगर निगम की टीम ने अभियान चलाया। टीम सिविल लाइंस स्थित एक ब्रास फैक्टरी पर पहुंची और संबंधित फैक्टरी पर टैक्स के रूप में बकाया 34.98 लाख रुपये बकाया की बात कहते हुए फैक्टरी सील कर दी। इसके बाद टीम बुध बाजार स्थित एक इलेक्ट्रानिक शोरूम पहुंची। वहां टीम ने 5.14 लाख रुपये बकाया बता शोरूम को भी सील कर दिया। शोरूम स्वामी ने मौके पर ही 2.50 लाख रुपये जमा कर शेष धनराशि बाद में जमा करने का आश्वासन दिया जिसके बाद टीम ने सील खोल दिया।
उधर ब्रास फैक्टरी सील किए जाने के विरोध में निर्यातक संगठन के महासचिव अवधेश अग्रवाल की अगुवाई में निर्यातकों के एक प्रतिनिधि मंडल ने मेयर विनोद अग्रवाल और अपर नगर आयुक्त से मुलाकात कर टैक्स वसूली के नाम पर निर्यातकों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। निर्यातकों का पक्ष सुनने के बाद दोनों ने मुख्य कर निर्धारण अधिकारी को निर्यातकों की बात सुन कर सील खोलने का आदेश दिया। इस मौके पर निर्यातक नजमुल इस्लाम समेत कई निर्यातक मौजूद रहे। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि बाद में फैक्टरी स्वामी ने भी आठ लाख रुपये जमा कर दिए तथा शेष धनराशि भी अदा करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद सील खोल दी गई।
--