मुरादाबाद। शहर के दो चर्चित हत्याकांड की साजिश रचने का आरोपी बनाए गए भाजपा नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक के समर्थन में ब्राह्मण समाज उतर आया। बृहस्पतिवार को लोगों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर डीएम के जरिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। जिसमें सीए हत्याकांड की निष्पक्ष जांच किसी सेवानिवृत्त जज से कराने की मांग रखी है।
ब्राह्मण समाज के लोगों ने पुलिस-प्रशासन ब्राह्मणों पर अत्याचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने ज्ञापन में कहा कि 15 फरवरी को सीए श्वेताभ तिवारी की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने जल्दबाजी में या किसी के दबाव में आकर ललित कौशिक को आरोपी बनाया है। उन्होंने ये भी आरोप लगाया था कि प्रदर्शन करने से रोकने के लिए पुलिस ने ब्राह्मण समाज के लोगों को घरों में नजरबंद कर दिया था। ज्ञापन पर कुलदीप शर्मा, हरिकिशोर, अनुज कुमार शर्मा, मनीष शर्मा, अजय कुमार, अरविंद मिश्रा, ज्ञान प्रकाश शर्मा, रवि शर्मा समेत अन्य लोगों के हस्ताक्षर हैं।