boys done well in cbse result after five years
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सोमवार को 12वीं कक्षा के परिणाम जारी कर दिया। जिले की टॉपर सूची में पांच वर्ष बाद फिर से बेटों का दबदबा दिखाई दिया। पहले स्थान के अलावा टॉप टेन में दस के मुकाबले 13 छात्रों ने अपना स्थान बनाया। 493 अंक पाकर दिल्ली पब्लिक स्कूल का छात्र लवांश अरोरा जिले में टॉप पर रहा। लवांश की प्रदेश में पांचवीं रैंक है, जबकि देहरादून रीजन में सातवां स्थान प्राप्त किया है। टॉप टेन में जिले में 23 छात्र-छात्राओं को जगह मिली है। टॉप टेन में एक-एक अंक के लिए विद्यार्थियों के बीच कड़ी टक्कर रही। अचानक से दोपहर को परिणाम जारी होते ही विद्यार्थियों के चेहरे खिल गए।
शैक्षिक सत्र 2019-20 में मुरादाबाद से 2867 विद्यार्थियों ने कक्षा 12 में परीक्षा दी थी। इसमें छात्राएं 1061 और छात्र 1205 थे। उत्तीर्ण होने वालों में छात्राएं 84 फीसदी और छात्र 75 फीसदी हैं। वर्ष 2019 में मुरादाबाद का परिणाम 69 फीसदी था, जो इस बार 79 फीसदी हो गया है। कोरोना काल में जहां शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक सभी चिंताग्रस्त थे तो वहीं, इस बार का परिणाम चेहरों पर खुशी लेकर आया है। गत वर्ष की अपेक्षा इस बार परिणाम दस फीसदी अधिक रहा है। जिला समन्वयक सुरेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि बोर्ड परीक्षाएं स्थगित की गई थीं तो विद्यार्थी बहुत परेशान हो गए थे। बार-बार शिक्षकों से संपर्क कर परीक्षाओं के बारे में जानना चाहते थे। बोर्ड द्वारा जारी किए गए परिणाम ने इन विद्यार्थियों की चिंता दूर कर दी है। अब यह शांत मन से अपने भविष्य की योजनाओं पर काम कर सकते हैं। इससे पहले वर्ष 2016 में 13 विद्यार्थियों की टॉप टेन की सूची में आठ छात्र और पांच छात्राएं थीं।