सुरजननगर। जयनगर गांव में बृहस्पतिवार दोपहर दस साल के बच्चे ने ट्रैक्टर स्टॉर्ट कर दिया। जिसकी चपेट में आकर कार्तिक (15) घायल हो गया। कार्तिक नौवीं कक्षा में पढ़ता है। परिजन छात्र को लेकर सुरजन नगर में निजी चिकित्सक के पांच लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सुरजननगर चौकी क्षेत्र के गांव जयनगर निवासी बलराज सिंह मुरादाबाद स्थित एक फैक्टरी में काम करते हैं। उनका 15 वर्षीय बेटा कार्तिक गांव में ही दादा के पास रहता है। कार्तिक बृहस्पतिवार को ट्रैक्टर से खेत पर काम करने गया था। बृहस्पतिवार दोपहर को वह घर के बाहर ट्रैक्टर खड़ा कर अंदर कुछ सामान लेने गया। इस बीच पड़ोस का ही एक 10 वर्षीय बालक ट्रैक्टर की ड्राइविंग सीट पर बैठ गया। कार्तिक घर से आया और ट्रैक्टर पर चढ़ने लगा तो ड्राइवर सीट पर बैठे बालक ने ट्रैक्टर स्टार्ट कर दिया।
इस दौरान लगे झटके से कार्तिक गिर गया और उसके ऊपर ट्रैक्टर का पहिया चढ़ गया। ट्रैक्टर सामने खड़ी बाइक को रौंदते हुए सामने दीवार से जा टकराया। जिससे दीवार भी टूट गई। दीवार से टकराने के बाद दीवार गिर गई और ट्रैक्टर दीवार के मलबे से टकराकर बंद हो गया। शोर सुन आसपास के ग्रामीण ट्रैक्टर की ओर दौड़े उन्होंने ट्रैक्टर पर बैठे बालक और घायल कार्तिक को उठा लिया। परिजन कार्तिक को लेकर सुरजननगर स्थित निजी डॉक्टर के पास पहुंचे। डॉक्टर ने बच्चे को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। संवाद