फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजली के टावर पर चढ़ गया युवक, दस घंटे बाद भी नहीं उतरा

विज्ञापन
-कटघर बंसत विहार में बिजली के हाईटेंशन लाइन के टाउर में चडा सागर । - फोटो : CITY
विज्ञापन
मुरादाबाद। कटघर के बल्देवपुरी में एक युवक बिजली के टावर पर चढ़ गया। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और उसे उतारने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। नगर निगम और दमकल विभाग की टीमें भी युवक को उतारने में सफल नहीं हो सकी। युवक का कहना कि तीन लोग उसे बहाने से कचहरी ले गए और उससे एक कागज पर अंगूठा लगवा लिया। वो तीनों उसके मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। दस घंटे बाद युवक को जाल लगाकर उतारने का प्रयास किया गया। 15 घंटे बाद भी खबर लिखे जाने तक वह नहीं उतरा था।
विज्ञापन

बिजली टावर पर चढ़ने वाला युवक मनोज उर्फ सागर पुत्र रामौतार कटघर के बल्देवपुरी बसंत बिहार का निवासी है। वह मजदूरी करता है। बल्देवपुरी में उसका एक मकान है। मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे युवक 220 केवी लाइन के टावर पर चढ़ गया। युवक करीब 25 मीटर ऊंचाई पर पहुंचा तो आस पड़ोस के लोगों की नजर उस पर पड़ गई। कुछ ही देर में टावर के पास लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार और क्षेत्र के लोगों ने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे नहीं आया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस पहुंची और उसे उतारने का प्रयास किया गया। पुलिस कर्मियों ने टावर पर चढ़ने का प्रयास किया तो युवक और ऊपर चढ़ने लगा। दो घंटे बाद दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर बुला ली गई। इसके बाद बिजली आपूर्ति बंद करा दी गई। सीओ कटघर पूनम सिरोही और एसीएम प्रथम राजेश कुमार व मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार भी आ गए। युवक को नीचे उतारने की कोशिश होती रही, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। युवक ने बताया कि तीन युवक उसे कचहरी ले गए थे। उन्होंने उससे एक कागज पर अंगूठा लगवा लिया है। अब वह उसके मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। वह उन्हें अपना मकान नहीं देगा। सीओ कटघर पूनम सिरोही ने बताया कि जाल लगाकर युवक को नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि आरोपी तीन युवकों को थाने बुलाकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
--------------
- सुबह साढ़े दस बजे बिजली टावर पर चढ़ा युवक
ग्यारह बजे क्षेत्रीय लोगों ने युवक को उतारने की कोशिश शुरू की
- बारह बजे पुलिस पहुंची, युवक को नहीं उतारा गया
- दो बजे दमकल विभाग की गाड़ी बुलाई गई
- सवा दो बजे बिजली आपूर्ति बंद कराई, बिजली अधिकारी भी पहुंचे
- दोपहर ढाई बजे, सीओ कटघर, एसीएम प्रथम राजेश कुमार और सीएफओ मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे
- शाम साढे़ छह बजे एंबुंलेंस पहुंची
- पौने सात बजे पुलिस ने मौके से भीड़ कम
- साढ़े सात बजे जाल लगाया गया
--------
रामपुर की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई
मुरादाबाद। मुरादाबाद से रामपुर जाने वाली 220 केवी पावर ग्रेड लाइन के टावर पर युवक चढ़ा है। बिजली विभाग के ट्रांसमिशन अधिशासी अभियंता पूरन चंद्र ने बताया कि टावर की ऊंचाई करीब 35 मीटर है। युवक 20 से 25 मीटर की ऊंचाई पर चढ़ा है। दोपहर दो बजे रामपुर जाने वाली बिजली आपूर्ति बंद करा दी गई थी। रामपुर को सीबीगंज से आपूर्ति दी जा रही है ।
विज्ञापन

कभी ऊपर चढ़ने लगता को कभी नीचे उतरने की धमकी देने लगता
मुरादाबाद। टावर पर चढ़े युवक को नीचे उतारने में पुलिस विभाग, दमकल विभाग और बिजली विभाग और नगर निगम के कर्मचारी व अधिकारी लगे रहे। सुबह से शाम हो गई, लेकिन युवक नीचे नहीं उतरने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस कर्मियों और दमकल कर्मचारियों ने जब भी उसे उतारने का प्रयास किया, युवक और ऊपर चढ़ने लगता तो कभी नीचे कूदने की धमकी देने लगता। इसके बाद पुलिस कर्मी नीचे उतर आते थे। सुबह से शाम तक ऐसा ही चलता रहा।
--------
उधार के जाल से युवक को नीचे उतारने का प्रयास
मुरादाबाद। दस घंटे से भी ज्यादा वक्त गुजर जाने के बाद युवक को नीचे उतारने के लिए जाल बिछाया। दमकल विभाग और पुलिस के पास अपना जाल तक नहीं था। इसके बाद पुलिस ने किसी से जाल उधार लिया। इसके बाद टावर के नीचे जाल लगाया गया। जाल भी इतना छोटा है। जिसे पूरा क्षेत्र भी कवर नहीं हो पाया है।
पुलिस ने तीनों युवक हिरासत में लिए
मुरादाबाद। टावर पर चढ़ने वाले युवक मनोज उर्फ सागर ने तीन लोगों पर कागज पर अंगूठा लगवाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने उन तीनों युवकों को हिरासत में लेकर उन्हें थाने में बैठा लिया है। पूछताछ में तीनों ने किसी भी कागज पर अंगूठा लगवाने की बात से इनकार कर दिया है। युवक को ये बताया गया कि तीनों युवक पकड़ लिए हैं। इसके बावजूद भी युवक नहीं उतरा।
पिता की हालत बिगड़ी, अस्पताल भिजवाया गया
मुरादाबाद। कई घंटे बाद भी युवक नीचे नहीं उतारा तो उसके पिता रामौतार की हालत बिगड़ गई। पुलिस ने एंबुलेंस बुलवाकर अस्पताल भिजवाया। मनोज को भी बताया गया कि उसके पिता अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। ताकी पिता की हालत बिगड़ने की बात सुनकर भी युवक नीचे नहीं उतरा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें