मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए चुनाव आयोग की तरफ से नियुक्त दोनों प्रेक्षकों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। वहां तैनात कर्मचारियों से कहा कि जनता की शिकायतों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। प्रत्येक शिकायत का विवरण कर्मचारी रजिस्टर में दर्ज करें।
उपचुनाव की निगरानी के लिए सामान्य प्रेक्षक भारती होलिकेरी और व्यय प्रेक्षक चंद्र माधव सिंह बृहस्पतिवार की रात सर्किट हाउस पहुंचे। दोनों प्रेक्षकों ने शुक्रवार को कंट्रोल रूम का निरीक्षण करने के बाद फ्लाइंग स्क्वाड टीम की सक्रियता का सत्यापन किया। टीमों के कार्यों के बारे में प्रेक्षकों ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी गुलाब चंद्र से जानकारी हासिल की।
टेलीफोन के माध्यम से प्राप्त होने वाली निर्वाचन संबंधी शिकायतों के संबंध में प्रेक्षकों ने कहा कि प्रत्येक कॉल का विवरण रजिस्टर में दर्ज होना चाहिए। साथ ही ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यमों से अब तक प्राप्त शिकायतों की संख्या और उनके निस्तारण की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
प्रेक्षकों ने जिले के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान आयोग द्वारा निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप जिले में आदर्श आचार संहिता का पालन कराने के लिए सोशल मीडिया सहित विभिन्न प्रकार के प्रचार माध्यमों की मॉनीटरिंग करने के साथ, प्रशासनिक स्तर पर की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।