फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: सपा नेता के भाई के खेत में आलू की जगह मिले बम, ब्लास्ट में दो बच्चे घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
पाकबड़ा (मुरादाबाद)। करनपुर गांव के पास मंगलवार की शाम को सपा नेता वाजिद हुसैन के भाई शाहिन के खेत में एक के बाद एक कई बम ब्लास्ट हुए। इस दौरान खेत में आलू बीन रहे दो बच्चे घायल हो गए। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। फोरेंसिक टीम और बम निरोधक दल भी मौके पर पहुंच गए और जांच पड़ताल की। पुलिस ने खेत में सर्च अभियान भी चलाया।
विज्ञापन

पाकबड़ा थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी सपा नेता एवं पूर्व ब्लाॅक प्रमुख वाजिद हुसैन के छोटे भाई शाहिन हुसैन का खेत गांव के पास है। शाहिन ने खेत में इस बार आलू की फसल लगाई थी। आलू की फसल समाप्त होने के बाद खेत की जुताई कर दी थी। इसके बाद भी खेत में जगह-जगह आलू रह गए थे। उसको बीनने के लिए करनपुर निवासी विजय पाल सिंह कश्यप का 11 वर्षीय बेटा कुलदीप सिंह और अमित जाटव का 9 वर्षीय बेटा रॉबिन गांव के अन्य बच्चों के साथ खेत में गए थे। बच्चे आलू काे इकट्ठे करने लगे। इसी दौरान अचानक बच्चों के हाथ में खेत में प्लास्टिक की थैली में छिपा कर रखा सामान मिल गया। बच्चों ने थैली उठा ली और उसे खोलकर देखने लगे।
उन्होंने देखा कि थैली के अंदर बम हैं। बच्चों ने उसे फेंक दिया। इसी दौरान एक के बाद ब्लास्ट होने शुरू हो गए। ब्लास्ट की आवाज सुनकर आस पड़ोस के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने देखा कि कुलदीप और रॉबिन लहूलुहान हालत में पड़े हैं। इस घटना की जानकारी मिलने पर बच्चों के परिवारों में चीख पुकार मच गई और वह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी माैके पर पहुंच गई और फोरेंसिक टीम के अलावा बम निरोधक दल को भी मौके पर बुला लिया। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि दो बच्चे घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बम खेत में कहां से आए, इसकी जांच पड़ताल की जा रही है।
विज्ञापन


फोरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ता ने जुटाए साक्ष्य
पाकबड़ा। खेत में बम ब्लास्ट की घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गांव में चारों ओर पुलिस तैनात कर दी गई है। जिस खेत में ब्लास्ट हुआ है, उसके आसपास के खेतों में भी लोगों के आने जाने पर रोक लगा दी गई है। फोरेंसिक टीम और बम निरोधक दल ने शाहिन के खेत के अलावा आस पड़ोस के खेतों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया है। संवाद
संभल के आलू कारोबारियों को किराये पर दिया था खेत
पाकबड़ा। पूर्व ब्लाॅक प्रमुख वाजिद हुसैन के भाई शाहिन ने इस खेत को संभल के आलू कारोबारियों को किराये पर दिया था। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि संभल के लोगों के साथ इस पर पूर्व ब्लाक प्रमुख के भाई खेती करते हैं। इस मामले में सच क्या है, यह तो जांच के बाद ही पता चलेगा, लेकिन पुलिस खेत, बम और संभल कनेक्शन की जांच कर रही है। कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव के दौरान भी परिवार के खिलाफ खाद्य विभाग के अधिकारियों ने मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें