मुरादाबाद। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा शुरू की गई विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया में मुरादाबाद मंडल के 1427 विद्यालय फेल हैं। स्थिति यह है कि सिर्फ 268 विद्यालयों ने ही ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की है। अधिकारियों का कहना है कि पांचों जनपदों की समीक्षा कर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालयों में ऑनलाइन उपस्थिति की शासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। इसके बावजूद शिक्षक उपस्थिति दर्ज करने में उदासीनता बरत रहे हैं। मुरादाबाद मंडल के कुल 1695 विद्यालयों में सिर्फ 268 ने ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की है। मुरादाबाद जनपद को मंडल में पहला और अमरोहा जनपद मंडल में सबसे पीछे है। उपस्थिति दर्ज न करने वालों में ग्रामीण क्षेत्रों के ही नहीं, बल्कि शहर क्षेत्र के प्रमुख विद्यालय शामिल हैं। संभल जनपद में 18 राजकीय विद्यालयों में से सिर्फ एक विद्यालय ने ही उपस्थिति दर्ज की है। राजकीय शिक्षक संघ उप्र के जिलाध्यक्ष अचल त्यागी ने बताया कि सरकार की ओर से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था की गई है और कुछ विद्यालय कर भी रहे हैं, लेकिन कई बार ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की मुख्य समस्या है। शहर के आसपास के विद्यालयों के शिक्षकों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
बैठक कर जानेंगे समस्या
उप्र प्रधानाचार्य परिषद मुरादाबाद के जिलाध्यक्ष राजीव शर्मा ने बताया कि इसका उद्देश्य विद्यालयों में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ पठन-पाठन गुणवत्तापूर्ण करना है, ताकि बोर्ड परिणाम में विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन कर सकें। कई बार ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट की परेशानी होती है और शहर क्षेत्र में सक्रियता नहीं रहती है। इन्हीं सब बिंदुओं पर चर्चा करने और समस्याओं के समाधान के लिए 31 जुलाई को बैठक भी प्रस्तावित है।
इनसेट... 22 जुलाई को जारी की गई सूची के अनुसार प्रदेश में मुरादाबाद मंडल के जनपदों का स्थान, हर श्रेणी के स्कूलों की संख्या के साथ ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने वाले स्कूलों की संख्या
स्थान जनपद राजकीय अशासकीय स्ववित्तपोषित कुल फीसदी
12वां मुरादाबाद 53-25 54- 24 358-43 465- 92 19.78
15वां रामपुर 55-10 25- 9 157-23 237-42 17.72
17वां बिजनौर 44-13 73-34 298-26 415-73 17.59
39वां संभल 18-1 38-14 175-12 231-27 11.69
43वां अमरोहा 25-8 33-17 289-9 347- 34 9.80
- सभी स्कूलों को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद यदि विद्यालय विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे हैं तो यह गलत है। सभी जनपदों समीक्षा बैठक कर उपस्थिति दर्ज करने के लिए कहा जाएगा। शिवलाल, संयुक्त शिक्षा निदेशक द्वादश मंडल