गजरौला। ग्राम प्रधानों ने बृहस्पतिवार को बकाया भुगतान की मांग उठाई है। उनका आरोप है कि ग्राम पंचायतों में बने 15 आरआरसी सेंटर के भुगतान की फाइल को ब्लाॅक के अधिकारी दबाए बैठे हैं। ग्राम प्रधानों ने भुगतान नहीं होने पर धरने पर बैठने की चेतावनी दी है।
राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष मनिपाल सिंह ढिल्लो के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान कलक्ट्रेट में पहुंचे और डीएम से मुलाकात की। कहा कि उन्होंने घरों से निकलने वाले कूड़े-कचरे को उपयोगी बनाने के लिए आरआरसी सेंटर बनवाए। एक सेंटर पर 2.5 लाख रुपये खर्च हुए। निर्माण पूरा होने के बाद एक साल बीत गया मगर उन्हें भुगतान नहीं किया गया।
ब्लॉक में जाने पर कहा गया कि जिला मुख्यालय पर फाइल अटकी होने के कारण भुगतान रुका हुआ है। वहीं, कलक्ट्रेट में ग्राम प्रधानों को बताया कि उनकी मांग की फाइल ब्लॉक से ही नहीं आई इस पर आक्रोशित ग्राम प्रधान ब्लॉक में आए व बीडीओ प्रतिभा अग्रवाल से मिले। उन्होंने कहा कि ब्लॉक के अधिकारी व कर्मचारी की लापरवाही से गांव में कराए गए कार्य का उनका भुगतान नहीं हो पा रहा है। मांग पूरी न होने पर उन्होंने धरने पर बैठने की चेतावनी दी।
इस पर बीडीओ ने समझाते हुए एडीओ पंचायत सत्येंद्र सिंह से फाइल मंगवाई। ग्राम प्रधानों को आश्वासन दिया कि जल्द ही भुगतान करा दिया जाएगा। इस दौरान ग्राम प्रधानों ने बीडीओ से शिकायत करते हुए कहा कि एक महिला सचिव ग्राम प्रधानों का फोन नहीं उठाती। बीडीओ ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर सुरेंद्र सिंह, देवानंद प्रधान, सलीम अली आदि मौजूद रहे।