उत्तर प्रदेश में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य चल रहा है। एसआईआर का काम पूरा करने के दबाव में बीएलओ की जान जा रही हैं। एसआईआर का लक्ष्य पूरा न कर पाने के कारण तनाव में आए मुरादाबाद के भोजपुर निवासी बीएलओ सर्वेश सिंह (42) ने शनिवार रात फंदा लगाकर जान दे दी। रविवार की सुबह करीब चार बजे पत्नी और परिवार के लोगों ने उन्हें फंदे पर लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई।
वहीं, अब संभल के नखासा थाना इलाके के गांव चौकुनी निवासी अरविंद कुमार (38) की सोमवार को सुबह करीब 4 बजे हार्ट अटैक से मौत हो गई। अरविंद कुमार जनपद अमरोहा के हसनपुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव फैयाजनगर के प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक पद पर तैनात थे।
एसआईआर कार्य में सहायक के रूप में नियुक्त थे। उन्हें बूथ संख्या 272 पर कार्य करने की जिम्मेदारी दी गई थी। छोटे भाई रोहित कुमार का कहना है कि अरविंद कुमार पर एसआईआर के कार्य को लेकर दबाव बनाया जा रहा था।