मुरादाबाद। नागफनी थानाक्षेत्र में रहने वाले एक छात्र ने साइबर ठगों पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। उसने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित छात्र यूपीएससी की तैयारी कर रहा है। उसने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके व्हाट्सएप पर अंजान नंबर से हाय लिखकर मैसेज आया था।उसने मैसेज करने वाले से पूछा कौन हो। इसके बाद एक अश्लील वीडियो भेज दिया गया। इस वीडियो में छात्रा का चेहरा लगा था। छात्र का आरोप है कि आरोपी ने उससे पांच हजार रुपये की मांग की। रुपये न देने पर वीडियो को वायरल करने की धमकी दी गई। युवक का कहना है कि एक युवती के नाम से बनी फेसबुक आईडी से भी शेयर किया गया है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने प्रार्थना पत्र साइबर सेल में भेज दिया है।