फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: मुरादाबाद आगरा हाईवे पर चिन्हित होंगे ब्लैक स्पॉट

Thu, 29 May 2025 01:37 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मुरादाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
बिलारी। थाना बिलारी और कुंदरकी क्षेत्र में मुरादाबाद आगरा राजमार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर तहसील प्रशासन गंभीर हुआ है। एसडीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों, राजस्व विभाग के अधिकारियों और बिलारी पालिकाध्यक्ष के साथ बैठक की। इस दौरान हाईवे पर हादसे रोकने को व्यापक कार्ययोजना बनी। ब्लैक स्पॉट चयनित करने की जिम्मेदारी नायब तहसीलदारों को दी गई।
विज्ञापन

एक सप्ताह में बिलारी थाना क्षेत्र में आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई तीन सड़क दुर्घटनाओं में दो छात्राओं, दो चाचा भतीजों और एक निजी कंपनी कर्मी समेत पांच लोगों की जान चली गई। बुधवार को एसडीएम विनय कुमार सिंह ने हाईवे पर बढ़ते सड़क हादसों पर अंकुश लगाने को कार्य योजना बनाई। इसी क्रम में बुलाई गई बैठक में हाईवे प्राधिकरण की ओर से सहायक अभियंता रोमिल गुप्ता, नगरपालिका बिलारी की ओर से अध्यक्ष रघुराज यादव और राजस्व विभाग की ओर से तीनों नायब तहसीलदार पीयूष कुमार, अभिनय सिंह और विजय श्रीवास्तव पहुंचे।एसडीएम के आह्वान पर नगरपालिका अध्यक्ष ने यह अभियान सफल बनाने को पालिका की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बिलारी नगर में हाईवे के पूरब की साइड में थाने के निकट और हर्षनगर श्मशान के निकट जो चौड़े खुले हुए नाले हैं उन्हें पूरी तरह से कवर्ड किया जाएगा। नगर क्षेत्र में हाईवे पर जो अवैध कट हैं उन्हें तत्काल बंद कराया जाएगा। तीनों नायब तहसीलदार हाईवे पर ब्लैक स्पॉट वाले वह इलाके चिन्हित करेंगे जहां अक्सर सर्वाधिक सड़क हादसे हो रहे हैं। जागरूक लोगाें के सुझाव लेकर रंबल स्ट्रिप और रिफलेक्टर लगवाए जाएंगे। हाईवे पर लगे जिन होर्डिंगों से वाहनों के दिखने की आड़ होगी ऐसे सभी होर्डिंग हटवाएं जाएंगे । हाईवे के मोड़ पर यदि कहीं झाड़ी या पेड़ होंगे तब उन्हें भी हटवाया जाएगा। वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जन जागरूकता लाने को विशेष अभियान चलाया जाएगा।
विज्ञापन


मुरादाबाद आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना बिलारी और थाना कुंदरकी क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों में राहगीरों की जान जाने से बिलारी के सपा विधायक हाजी फहीम इरफान और कुंदरकी के भाजपा विधायक रामवीर सिंह काफी चिंतित हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार तीन दिन पहले इब्राहीमपुर गांव निवासी बाइक सवार चाचा भतीजे की सड़क हादसे में मौत हो जाने की घटना के बाद बिलारी के सपा विधायक ने पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारियों से दूरभाष पर बात की तथा जनता के साथ आंदोलन शुरू करने की बात भी कही। कुंदरकी के भाजपा विधायक रामवीर सिंह ने इस संबंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलकर हाईवे पर बढ़ रहे सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए जरूरी व्यवस्थाएं कराए जाने की मांग भी उठाई। बिलारी क्षेत्र के कई सामाजिक संगठन भी इस संबंध में डीएम और एसएसपी को ज्ञापन भेज चुके हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें