कांठ। किसानों की समस्याओं का समाधान कराकर यदि जल्द ही मांगों को पूरा नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। यह बात भाकियू टिकैत के प्रदेश उपाध्यक्ष पश्चिमी यूपी चौधरी ऋषिपाल सिंह ने कही।
सोमवार को भाकियू टिकैत के तहसील अध्यक्ष चौधरी दर्शन सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारी, कार्यकर्ता व किसान एकत्र होकर तहसील पहुंचे। यहां किसानों ने एसडीएम संत दास पंवार के समक्ष बिजली, पानी, गन्ना भुगतान, गन्ना प्रजाति, नगर के पानी के निस्तारण को नाला निर्माण, बिजली के स्मार्ट मीटरों, तेंदुओं के आतंक आदि से संबंधित समस्याओं व मांगों को रखा।
किसानों ने समस्याओं का शीघ्र ही निस्तारण कराने की मांग की। काफी देर तक चली वार्ता के दौरान तय किया गया कि संबंधित समस्याओं व मांगों के संबंध में तहसील सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ किसानों की वार्ता कराई जाएगी। भाकियू कार्यकर्ताओं ने चेतावनी भी दी है कि यदि जल्द ही समस्याएं हल नहीं कराई गईं तो वह उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष पश्चिमी यूपी चौधरी ऋषिपाल सिंह, जिला सचिव रामकला सिंह, नगर अध्यक्ष अरविंद विश्नोई जॉनी, राजेंद्र सिंह, सुमन कुमार, अनोज कुमार, रामपाल सिंह आदि भाकियू पदाधिकारी, कार्यकर्ता व किसान रहे।