बिलारी। भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने बिलारी चीनी मिल में गन्ने के वाहनों की धीमी तौल पर नाराजगी जताई है। तौल में देरी होने पर चीनी मिल से अतिरिक्त खर्च देने की मांग की है।
नगर में स्टेशन रोड स्थित कैंप कार्यालय पर मंगलवार दोपहर आयोजित बैठक में भाकियू टिकैत के मुरादाबाद मंडल अध्यक्ष चौधरी मनोज कुमार ने कहा कि बिलारी चीनी मिल द्वारा जिस हिसाब से गन्ना समिति बिलारी कार्यालय को अलग-अलग तारीखों में गन्ना आपूर्ति करने के लिए इंडेंट भेजा जा रहा है। उस हिसाब से चीनी मिल द्वारा गन्ने के वाहनों की तौल करने की सही व्यवस्था नहीं की जा रही है।
भाकियू के मंडलाध्यक्ष ने कहा कि गन्ने के वाहनों की धीमी गति से तौल होने की वजह से अपना गन्ना लेकर आने वाले किसानों को चीनी मिल के यार्ड और वाहनों की लाइन में काफी समय बिताना पड़ रहा है। कहा कि यदि गन्ना किसान के आठ घंटे से अधिक का समय अपना गन्ने का वाहन तुलवाने में लगे तो चीनी मिल को संबंधित गन्ना किसान की मांग के अनुसार अतिरिक्त खर्च वहन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बिलारी चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्रों पर नियमानुसार गन्ने की तौल की व्यवस्था होनी चाहिए तथा किसी भी क्रय केंद्र पर घटतौली होने की कोई शिकायत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चीनी मिल के यार्ड में गन्ने के वाहन लेकर जाने वाले किसानों को मिल प्रबंधन की ओर से जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। भाकियू कार्यकर्ताओं को बताया कि इस संबंध में उन्होंने उप गन्ना आयुक्त और जिला गन्ना अधिकारी से भी वार्ता की है।
इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष रनवीर सिंह यादव, ब्लॉक अध्यक्ष हाजी माजिद अंसारी, कुंदरकी ब्लॉक अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह, डॉ. अनीस अहमद, नेमपाल सिंह व अभिनव चौधरी आदि रहे।