मुरादाबाद। भाजपा में प्रत्याशियों के चयन के लिए पांचवां और आखिरी सर्वे दिसंबर के पहले हफ्ते में शुरू हो जाएगा। इस बार केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व दोनों की ओर से सर्वे कराए जाएंगे। अभी तक हुए चार सर्वे में 50 से ज्यादा दावेदारों के नाम सामने आ चुके हैं।
अभी तक हुए चारों सर्वे के आधार पर दावेदारों के नामों की स्क्रीनिंग कर ली गई है। अब भाजपा फाइनल सर्वे की तैयारी में है। दिसंबर के पहले या दूसरे हफ्ते में पार्टी पांचवां सर्वे कराएगी। इसे आखिरी सर्वे माना जा रहा है। चर्चा है कि इस सर्वे में सिर्फ उन्हीं दावेदारों के नाम शामिल किए जाएंगे, जिनके नाम पर आखिरी मुहर लगनी है। इस सर्वे में 18 दावेदारों के नाम शामिल हो सकते हैं। इन्हीं में से एक नाम पर मुहर लग सकती है। बिलारी को छोड़कर बाकी पांच सीटों पर तीन-तीन नाम करीब-करीब तय हैं। इस आखिरी सर्वे में दूसरे दलों के टिकट के दावेदारों पर भी नजर रहेगी। दूसरे दलों के संभावित प्रत्याशी किस बिरादरी से आते हैं, उनकी लोकप्रियता, जाति समीकरण को भी सर्वे में शामिल किया जाएगा।
000
पार्टी अलग-अलग स्तर से सर्वे कराती रहती है। सर्वे में जातिगत, स्थानीय समीकरण के साथ विपक्ष की रणनीति को भी शामिल किया जाता है। सर्वे करने वाली एजेंसियां केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व को रिपोर्ट करती हैं। - आकाश पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष