मुरादाबाद। महिला थाने के सामने गुरुवार दोपहर भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि महिला दरोगा ने भाजपा नेत्री से चेकिंग के दौरान अभद्रता की। सूचना मिलने पर महिला थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को समझाकर मामला शांत करा दिया।
सिविल लाइंस बंगला गांव भाजपा मंडल की मंडल मंत्री मोनिका गौतम ने बताया कि गुरुवार को वह एएसपी कार्यालय में अपने बयान दर्ज कराने गईं थीं। वह बयान दर्ज कराने के बाद दफ्तर से बाहर पैदल ही स्कूटी लेकर निकलीं थी। सड़क पर पहुंचकर वह स्कूटी से हेमलेट निकाल रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान महिला थाने की महिला दरोगा पुलिस टीम के साथ पहुंच गई और बिना हेमलेट के भाजपा नेत्री का चालान काटने लगीं। इसी बात को लेकर एसआई और भाजपा नेत्री के बीच कहासुनी हो गई। मोनिका का कहना है कि हेलमेट स्कूटी के अंदर रखा था, जिसे निकालने के लिए ही वह रुकी थीं। आरोप है कि एसआई ने उनके साथ अभद्रता की। विवाद बढ़ने पर मोनिका गौतम ने फोन कर मंडल अध्यक्ष सोनू सुमन व अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता को महिला थाने पर बुला लिया। इसके बाद सभी थाने के सामने ही धरने पर बैठ गए। इसकी जानकारी मिलने पर महिला थाना प्रभारी निधि चौधरी और सिविल लाइंस इंस्पेक्टर सहंसरवीर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने धरने पर बैठे भाजपा कार्यकर्ताओं और भाजपा नेत्री को समझा बुझाकर किसी तरह शांत किया। महिला थाना प्रभारी निधि चौधरी ने बताया कि दोनों के बीच हेलमेट को लेकर कहासुनी हो गई थी। हंगामा करने वालों को समझाकर शांत करा दिया गया था।