मुरादाबाद। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में बुद्धि विहार कार्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। 25 से 31 दिसंबर को होने कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।
जिलाध्यक्ष आकाश कुमार पाल ने कहा कि वाजपेयी सरकार में पोखरण-द्वितीय परियोजना, कारगिल युद्ध के दौरान उनका नेतृत्व, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, नदियों को जोड़ने की योजना को कोई भूल नहीं सकता है। पूर्व प्रधानमंत्री की जन्म शताब्दी वर्ष मनाने के लिए प्रदेश संगठन ने कार्यक्रम प्रस्तावित किया है। अटल स्मृति वर्ष में सभी कार्यक्रम जिला और महानगर नगर में मंडल स्तर पर आयोजित होंगे। 24 दिसंबर को अटल स्मारकों की साफ सफाई की जाएगी। 25 दिसंबर को जगह-जगह उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया जाएगा। 25 से 31 दिसंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने बताया कि सभी कार्यक्रमों के लिए जिला, महानगर, मंडल स्तर पर कार्यक्रम संयोजक और सह संयोजक घोषित कर दिए गए हैं। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री चकित चौधरी ने किया। इस दौरान जिला महामंत्री राजन विश्नोई, कमल प्रजापति, हरज्ञान सिंह, हुकुम सिंह, आचार्य नरेंद्र सिंह, राजपाल सिंह चौहान, निमित जायसवाल, संजय ढाका, राजीव गुप्ता, नवदीप टंडन आदि मौजूद रहे।