उत्तर प्रदेश के संभल जिले में नकली शराब का कारोबार करने के आरोप में तीन लोगों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने भाजपा के नगर मंत्री सत्यप्रकाश उर्फ सत्य को भी गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को शहजादी सराय निवासी नगर मंत्री सत्य प्रकाश उर्फ सत्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया।
28 अगस्त को कोतवाली पुलिस ने एक परिसर से 45 कैन में भरी 2250 लीटर रेक्टिफाइड स्प्रिट बरामद की थी। इसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये के आसपास बताई गई थी। एसपी ने नकली शराब की धंधेबाजी की के पर्दाफाश के एलान करने के साथ बताया था कि मौके से पांच किलो यूरिया, 50 खाली पव्वे, 20 शराब से भरे पव्वे, कुछ स्टिकर, खाली ढक्कन व शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए थे। दो कारें भी पुलिस ने कब्जे में ली थीं।
पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजने के साथ दो अज्ञात को फरार बताया था। संभल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि विवेचना में सत्यप्रकाश उर्फ सत्य का नाम सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में है भाजपा नेता की कैंटीन
नकली शराब बनाने के मामले में गिरफ्तार किए गए भाजपा के नगर मंत्री सत्यप्रकाश उर्फ सत्य की कैंटीन अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में है। अपने पिता के साथ वह इस कैंटीन का संचालन करते हैं।
सिर्फ दिन में खुलने वाली इस कैंटीन पर आधे दिन वह और आधे दिन पिता बैठते हैं। चर्चा है कि 28 अगस्त की कार्रवाई में मौके पर मिलीं दो गाड़ियों का ताल्लुक भी नगर मंत्री से है।
संभल के भाजपा जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खगड़वंशी ने कहा कि मेरे संज्ञान में मामला अब आया है। उच्च नेतृत्व को अवगत कराके कार्रवाई की जाएगी। इसकी जानकारी संभल नगर अध्यक्ष से भी लेंगे।
वहीं भाजपा नगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने कहा कि नगर मंत्री के जेल जाने वाले प्रकरण में शीर्ष नेतृत्व को अवगत कराएंगे। जांच होगी। उसके बाद अगली कार्रवाई तय की जाएगी।
संभल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार का कहना है कि नकली शराब बनाने के मामले में सत्यप्रकाश उर्फ सत्य का नाम विवेचना में सामने आया। इसके आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।