सपा के सांसद आजम खां और डॉ. एसटी हसन पर अशोभनीय टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए पूर्व सांसद जयाप्रदा ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सपा के दोनों सांसदों के बयान महिला विरोधी हैं और इसको लेकर पुलिस को तहरीर दी जाएगी। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की शिकायत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करने की बात कही।
जयाप्रदा सोमवार को निरीक्षण भवन में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि आजम खां तो उनके खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी करते रहते हैं, लेकिन मुरादाबाद के सांसद डॉ. एसटी हसन से ऐसी उम्मीद नहीं थी। एसटी हसन डॉक्टर हैं, पढ़े लिखे हैं। उनके बयान से पता चलता है कि महिलाओं के प्रति उनकी क्या सोच है।
जयाप्रदा ने कहा कि अगर देश के सांसदों की महिलाओं के प्रति ऐसी सोच है तो क्या उनको संसद में बने रहने का अधिकार है। इस बारे में प्रधानमंत्री और पूरी संसद को सोचना चाहिए। महिला सम्मान की रक्षा के खातिर संसद में कानून लाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजम खां सोचते हैं कि उनकी अशोभनीय टिप्पणियों से मैं रामपुर आना छोड़ दूंगी तो ऐसे संभव नहीं है। रामपुर मेरी कर्म भूमि है, यहां के लोगों ने मुझे दो बार सांसद बनाया है। मैं यहां आती रहूंगी।
जयाप्रदा ने कहा कि मैं रामपुर के सांसद आजम खां और मुरादबाद के सांसद डॉ. एसटी हसन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करूंगी। उन्होंने संभल के जिले के सपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही। जया ने कहा कि इसको लेकर पुलिस को तहरीर दी जाएगी। पूर्व सांसद ने कहा कि इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी अवगत कराया जाएगा।
क्या है मामला
आजम खां ने 29 जून को एक क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल के दौरान बिना किसी का नाम लिए हुए एक टिप्पणी की थी, उन्होंने यूनिवर्सिटी और शिक्षा के इदारे खोले हैं.....नहीं।
एसटी हसन ने 30 जून को मुरादाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में बिना किसी का नाम लिए हुए लोकसभा के चुनाव में हुए मतदान को लेकर टिप्पणी की थी कि रामपुर के लोग अजीब हैं उन्होंने साढ़े चार लाख वोट.... को दे दिए। जयाप्रदा का कहना है कि आजम खां बिना नाम लिए ही टिप्पणी करते हैं, लेकिन इशारा साफ होता है कि वह यह बात किसके लिए कह रहे हैं।
लोकसभा के चुनाव के दौरान भी माहौल गरमाया था
लोकसभा के चुनाव के दौरान भी आजम खां ने शाहबाद में आयोजित एक जनसभा में बिना किसी का नाम लिए एक टिप्पणी की थी। इस टिप्पणी को लेकर आजम खां के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हुआ था और चुनाव आयोग ने उनके बोलने पर 72 घंटे का प्रतिबंध भी लगा दिया था।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जयाप्रदा के आंखों में आ गए आंसू
आजम खां और एसटी हसन की टिप्पणी को लेकर जयाप्रदा जब प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रही थीं तो वह काफी गुस्से में दिख रही थीं। कभी वह गुस्से में तमतमाती हुई दिखीं और कभी उनके आंखों में आंसू आ गए।