भाजपा विधायक साधन सिंह के मायावती के खिलाफ दिए गए विवाद बयान का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि एक और भाजपा नेता के बिगड़े बोल का वीडियो वायरल हो गया है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष आफताब आडवाणी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राशिद अल्वी पर अमर्यादित टिप्पणी की है। अपने बयान में राशिद अल्वी को आतंकवादी बताया है। साथ ही कांग्रेस का हाथ आतंकवादियों के साथ होने की बात कही है।
वायरल वीडियो में आफताब आडवाणी ने एनआईए के कार्यशैली पर सवाल उठाने पर राशिद अल्वी को आड़े हाथ लिया है। वीडियो में कहा गया कि एनआईए के राशिद अल्वी के दिए गए बयान की निंदा करते हैं। एनआईए पर सवाल उठाना उनके मनोबल तोड़ने का काम करता है। राशिद अल्वी खाते यहां हैं और गाते पाकिस्तान का हैं। एनआईए पर सवाल उठाना साबित करता है कि वह आतंकवादियों से मिले हैं। ऐसे लोगों को पाकिस्तान भेज देना चाहिए। भाजपा की सरकार बनने से कोई रोक नहीं सकता है।