कांठ (मुरादाबाद)। भाजपा मंडल कांठ मंत्री नीरज कुमार विश्नोई ने छजलैट थाने के एक दरोगा पर सादा कपड़ों में कम्प्यूटर सेंटर पर पहुंचकर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। भाजपा नेता ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा नेता नीरज कुमार विश्नोई का नगर पुलिस चौकी के सामने विश्नोई मंदिर विशनपुरा की दुकानों में एनवाईसी कम्प्यूटर सेंटर है। सोमवार की शाम वह अपने सेंटर पर थे। आरोप है कि तभी छजलैट थाने का एक दरोगा सादे कपड़ों में सेंटर पर आया और आते ही अभद्रता करते हुए हुए मोबाइल छीनने का प्रयास करने लगा। भाजपा नेता का आरोप है कि जब उसने कारण पूछा तो दरोगा ने गाली-गलौज की। शोर शराबा होने पर आसपास के दुकानदारों के आने पर दरोगा धमकी देता हुआ चला गया। भाजपा नेता ने आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत करते हुए जांच व आरोपी दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। भाजपा नेता के साथ हुई अभद्रता ने दुकानदारों और लोगों में रोष व्याप्त है।