मुरादाबाद। बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष समेत कोरोना के 93 पॉजिटिव नए मरीज और मिल गए हैं। बीते 24 घंटे में 339 संक्रमित मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। जिले में अब तक संक्रमित मरीजों की संख्या भी बढ़कर 5280 पहुंच गई है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि आरटीपीसीआर लैब नोएडा से 36 संक्रमित मरीज आए हैं। इनमें एचडीबी बैंक के तीन कर्मचारी, पीएसी के दो जवान पॉजिटिव हैं। बुद्धि विहार में एक ही परिवार से दो सदस्य, डिप्टी गंज में एक परिवार से सात और सागर सराय में परिवार से दो लोग संक्रमित आए हैं। इनके अलावा बाला जी मंदिर, मिलन विहार, झांझनपुर, गंज सब्जी मंडी, वेव ग्रीन कालोनी, चाऊ की बस्ती, बंगला गांव, गोविंद नगर, बैंक कालोनी, डबल फाटक, बसंत विहार, हरथला और प्रभात मार्केट से आए हैं। बुधवार को रैपिड एंटीजन के 1805 लोगों की टेस्टिंग में 57 मरीज मिले हैं। इनमें ताजपुर से दस, हरथला और बंगला गांव से आठ-आठ, ठाकुरद्वारा से पांच मरीज आए हैं। डिलारी से तीन, भोजपुर से दो, कांठ से दो, मूंढापांडे से एक, किसरौल से दो, कानून गोयान से पांच, टाउन हाल से सात, मझोला से चार और पीतल बस्ती से पांच पॉजिटिव मरीज मिले हैं। एंटीजन टेस्टिंग में ही भाजपा जिलाध्यक्ष भी संक्रमित पाए गए हैं।