मुरादाबाद। नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव क्रास वोटिंग में भाजपा की वार्ड नंबर 12 की पार्षद महिला भारद्वाज फंस गईं हैं। भाजपा महानगर अध्यक्ष ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में संगठन से निकाल दिया है। इन पर कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने का आरोप है। यहां के कार्यकारिणी चुनाव में क्रास वोटिंग का मामला भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों तक पहुंचा तो उन्होंने भाजपा महानगर अध्यक्ष महेंद्र गुप्ता को पार्षद के किलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।
भाजपा महानगर अध्यक्ष का कहना है कि पार्षद संख्या के आधार पर कार्यकारिणी में बीजेपी के सात सदस्यों का चयन होना था। भीतरघात के चलते बीजेपी के छह सदस्य ही चयनित हो पाए। कांग्रेस के पक्ष में मतदान होने के चलते कम पार्षद होने के बावजूद वह दो सदस्यों का चयन कराने में कामयाब रहे थे। बीजेपी संगठन ने इसकी रिपोर्ट शनिवार शाम ही हाईकमान को भेज दी थी। पार्टी संगठन की आपात बैठक बुलाकर इसकी समीक्षा की गई थी। रविवार को बीजेपी की वार्ड 12 की पार्षद महिमा भारद्वाज का नाम सामने आया। उन पर पार्टी व्हिप का उल्लंघन कर बीजेपी प्रत्याशी पंकज यादव के स्थान पर दूसरी पार्टी के प्रत्याशी को मतदान करने का आरोप है। भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कुमार गुप्ता और पार्षद दल केउप नेता संजय सक्सेना ने महिमा को पार्टी से निष्काषित कर दिया है।