पाकबड़ा। हाईवे पर लोधीपुर राजपूत गांव के पास सोमवार दोपहर को एक बाइक सवार की मौत हो गई। वह रिश्तेदारी में होली खेल कर घर वापस जा रहा था। इसी दौरान बाइक डिवाइडर से टकरा गई।
अमरोहा जनपद के हसनपुर थाना क्षेत्र के करनपुर माफी गांव निवासी अरविंद सिंह सैनी (22) सोमवार को होली खेलने के लिए अपने रिश्तेदारी में महलकपुर माफी गांव आया था। दोपहर में अरविंद बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव जा रहा था। लोधीपुर राजपूत गांव के पास हाईवे पर उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। सिर पर हेलमेट नहीं होने से उसका सिर जैसे ही डिवाइडर से टकराया उसके सिर से खून बहने लगा। काफी देर तक अरविंद सड़क पर ही पड़ा था। सूचना पाकर थाना प्रभारी योगेंद्र कृष्ण यादव मौके पर पहुंचे। घायल अरविंद को अस्पताल लाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बेटे की मौत की खबर से त्योहार की खुशी गम में बदल गई।