ठाकुरद्वारा। नगर में काशीपुर रोड से बीमा कर्मी की चोरी हुई बाइक जनपद पीलीभीत की पुलिस ने 13 दिन बाद बरामद कर ली है। पीलीभीत पुलिस ने अंतर राज्य बाइक चोर गैंग के दो सदस्यों को चोरी की 17 बाइकों के साथ गिरफ्तार किया है। इसमें एक बाइक बीमा कर्मी अमित कुमार निवासी गांव पाइंदादापुर की भी है।
अमित कुमार ने कोतवाली ठाकुरद्वारा में 31 अगस्त को अपनी बाइक जीवन बीमा कार्यालय के सामने से बैंक के पास से चोरी होने की अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी बाइक चोर की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ था। कोतवाली पुलिस पर चोरी की बाइक को बरामद करने के लिए दबाव पड़ रहा था। चोरी की बाइक जनपद पीलीभीत की थाना सोनगढ़ी पुलिस और एसओजी ने बरामद की है। इस मामले में पीलीभीत पुलिस ने जनपद रामपुर के थाना बिलासपुर के गांव बरखेड़ा निवासी सिकंदर सिंह और उत्तराखंड के जनपद उधम सिंह नगर का किला खेड़ा तोता बैरियर निवासी सुखविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी वाहनों की नंबर प्लेट और चेचिस नंबर बदलकर उन्हें इधर-उधर बेच देते थे। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार ने ठाकुरद्वारा के अमित कुमार की चोरी की गई बाइक को पीलीभीत में बरामद होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ठाकुरद्वारा पुलिस बरामद बाइक को लेने के लिए पीलीभीत रवाना हो गई है।