मझोला क्षेत्र के रेल विहार काॅलोनी निवासी अनीता प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की सहायक प्रबंधक हैं। उनकी तैनाती अमरोहा जिले के डिडौली थाना क्षेत्र के गांव पायती कला स्थित शाखा में चल रही है। बुधवार शाम छुट्टी के बाद वह ऑटो से घर लौट रहीं थीं। मझोला थाने के पास ऑटो से उतर कर पैदल ही वह मनोहरपुर रोड पर रेल विहार काॅलोनी की ओर जा रही थीं। उनके कंधे पर पर्स टंगा हुआ था। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आ गए।
अनीता के पास आकर बाइक धीमी हुई। वह कुछ समझा पातीं, इससे पहले ही बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने अनीता के कंधे पर लटका पर्स खींच लिया। महिला ने शोर मचाते हुए बदमाशों की बाइक का पीछा किया लेकिन वह बाइक दौड़ाकर मनोहरपुर की ओर भाग निकले। इसके बाद अनीता ने रेल विहार कॉलोनी गेट पर पहुंचकर गार्डाें को सूचना दी। सूचना मिलने पर मझोला थाने से पुलिस पहुंच गई। पर्स 18 हजार रुपये की नकदी, बैंक की चाबी समेत अन्य अन्य जरूरी कागजात थे। प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक पायती कला के शाखा प्रबंध दीपक प्रताप सिंह ने मझोला थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। घटना स्थल की ओर जाने-जाने वाले रास्ते के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।