ठाकुरद्वारा(मुरादाबाद)। स्योहारा मार्ग पर सुरजन नगर के पास बृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया। हादसे में गांव कुंडेसरा निवासी सोसिंह (40 ) की मौत हो गई। जबकि गांव निवासी राजेंद्र और उसका बेटा पाकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के गांव कुंडेसरा निवासी सोसिंह बृहस्पतिवार को जिला बिजनौर के थाना स्योहारा के गांव जीतपुर में रिश्तेदार की अंत्येष्टि में बाइक से गया था। उसके साथ गांव के ही राजेंद्र और उसका बेटा पाकेश भी थे। वहां वापस लौटते समय शाम करीब छह बजे जैसे ही वह सुरजन नगर में फीका नदी के पास पहुंचे तो पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से नगर की सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने सोसिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल पिता-पुत्र को काशीपुर के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक को ट्रक समेत हिरासत में ले लिया है। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक और घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोसिंह की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। क्राइम इंस्पेक्टर सुनील कुमार शुक्ला ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।