पाकबड़ा (मुरादाबाद)। मुरादाबाद-रामपुर बाईपास पर नानकबाड़ी गांव के पास बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार की इलाज के दौरान निजी अस्पताल में मौत हो गई। युवक बाइक से खेत पररा रहा था।
मैनाठेर थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर सराय निवासी 20 वर्षीय अमीर बृहस्पतिवार तड़के में चार बजे बाइक से घर से खेत पर जाने को निकला था। पाकबड़ा थानाक्षेत्र के नानकबाड़ी गांव के पास पहुंचकर वह सड़क पार कर रहा था। तभी रामपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार अमीर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमीर काफी दूर उछलकर सड़क पर जा गिरा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल अमीर को अस्पताल भर्ती कराया। सूचना पर परिजन भी आ गए। हालत गंभीर देख परिजनों ने घायल अमीर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। अमीर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को घर ले गए।