डिलारी (मुरादाबाद)। मुरादाबाद-ठाकुरद्वारा मार्ग पर नाखूनका गांव के पास बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे बाइक में डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार राहत जान (50) की मौत हो गई। वहीं, चालक डंपर को लेकर मौके से भाग गया।
रामपुर जिले के टांडा थाना क्षेत्र के गांव कलैया नंगला निवासी राहत जान बृहस्पतिवार शाम बाइक से मुरादाबाद की ओर जा रहे थे। ठाकुरद्वारा-मुरादाबाद मार्ग पर डिलारी क्षेत्र के गांव नाखूनका के पास तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही राहत जान बाइक सहित सड़क पर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। कुछ ही देर में घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, हादसे के बाद मुरादाबाद-ठाकुरद्वारा मार्ग पर जाम लग गया। करीब एक घंटे लगे जाम से मार्ग पर वाहनों की लाइन लग गई।
सूचना पर सीओ राजेश कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात को सुचारू कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं, मृतक के परिजनों की भी जानकारी दी गई है।