कांठ। खेत से सड़क पर अचानक इंजन चढ़ा दिए जाने से बाइक सवार टकराकर गंभीर घायल हो गया। उसे प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं एक दूसरे हादसे में बाइक और स्कूटी आपस में टकराकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
बृहस्पतिवार को छजलैट के गांव ढाकी का रहने वाला पवन कुमार पुत्र मेहर सिंह क्षेत्र के ही गांव तेलीपुर से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहा था। जब वह ढाकी और तेलीपुरा के बीच में पहुंचा तो यहां अचानक खेत से एक किसान ने पानी देने वाला अपना इंजन सड़क पर चढ़ा दिया। पवन बाइक को नियंत्रण में कर पाता, इससे पहले ही बाइक इंजन से टकरा गई। जिससे हादसे में पवन गंभीर घायल हो गया और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए 108 एम्बुलेंस से सीएचसी लेकर आए, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं दूसरी ओर बृहस्पतिवार की दोपहर कांठ नगर में मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर बाइक और स्कूटी की आपस में टक्कर हो गई। जिससे दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। गनीगत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई तो वहीं सूचना पाकर पुलिस भी यहां पहुंच गई।