सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के नवीन नगर निवासी मोहित शर्मा ने बताया कि वह जिला जज की कोर्ट में लिपिक के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि उनके पास मारुति जेन कार है। उनकी कार गैरेज में खड़ी है। बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे मोहित के मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें बताया गया कि एक बाइक का हिमाचल प्रदेश के बद्दी में चालान किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह चालान बिना हेलमेट और दोपहिया वाहन पर तीन सवारियां बैठाने को लेकर किया गया, लेकिन जिस नंबर पर दोपहिया वाहन का चालान किया गया। वह नंबर मोहित की कार का है। उन्होंने बद्दी के पुलिस कप्तान से फोन पर संपर्क किया और पूरे प्रकरण की जानकारी दी है। तब चालान करने वाले यातायात पुलिस के दरोगा ने मोहित से फोन पर बात की। दरोगा ने मोहित को बताया कि तीन युवक बाइक से जा रहे थे। बाइक ड्राइव करने वाले युवक ने हेलमेट भी नहीं लगाया था। मोहित ने बताया कि अब वह गुरुवार को इस मामले की शिकायत सिविल लाइंस थाने में करेंगे।
एसपी यातायात अशोक कुमार सिंह ने बताया कि एम परिवहन एप के जरिए किसी भी प्रदेश और जनपद के वाहन की डिटेल निकाली जा सकती है। ई चालान करते वक्त भी एप में एक विकल्प आता है, जिससे वाहन की पूरी जानकारी उपलब्ध हो जाती है। इसके अलावा अगर किसी व्यक्ति को किसी वाहन या उसके चालक पर कोई संदेह है तो उसके वाहन की डिटेल यातायात पुलिस से संपर्क कर निकलवाई जा सकती है। वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि यह धोखाधड़ी का मामला है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और एमवी एक्ट में केस दर्ज होना चाहिए।