लॉक डाउन से जूझते निर्यातकों को सरकार से बड़ी राहत
- सरकार से तुरंत जीएसटी रिफंड का भुगतान करने के आदेश दिए
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। कोरोना कोना संक्रमण की वजह से लॉक डाउन का सामना कर रही मुरादाबाद की हस्तशिल्प इंडस्ट्री को गुरुवार को प्रदेश सरकार से बड़ी राहत मिली है। मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने आदेश जारी किया है कि सभी निर्यातकों को जीएसटी का रिफंड तुरंत दिया जाएगा। विश्व में कोरोना के पैर पसारने के बाद हस्तशिल्प निर्यातकों के करीब चार हजार करोड़ रुपए के आर्डर निरस्त हो चुके हैं। ऐसे में मुरादाबाद की ढाई हजार से ज्यादा निर्यात इकाइयों में तालाबंदी के हालात लंबे समय के लिए पैदा हो गएहैं। एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर हैंडीक्राफ्ट के पूर्व चेयरमैन सुधीर त्यागी ने इस बाबत मंगलवार को मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी से फोन पर वार्ता की थी। उन्होंने हस्तशिल्प निर्यातकों के सामने खड़े हुए संकट से मुख्य सचिव को अवगत कराया था । इसके बाद गुरुवार को सरकार ने एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए हस्तशिल्प निर्यातकों को राज्य स्तर पर पैंडिंग उनका जीएसटी रिफंड तुरंत करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।