माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। लॉकडाउन की वजह से इस बार ना तो लोग नवरात्र ठीक से मना सके ना ही कंजकों को घर में भोजन करा सके। रामनवमी को जहां हर साल जुलूस निकलता है और लोग धूमधाम से रामनवमी मनाते थे इस बार लॉकडाउन में यह संभव नहीं था। इसलिए सभी ने इस बार रामनवमी मनाने का अनोखा तरीका निकाला।
बृहस्पतिवार को विभिन्न सोसायटीज आदि में लोगों ने घरों की बाल्कनी और छतों पर दीये जलाकर रामनवमी मनाई। शास्त्रीनगर की निवासी नीलम शर्मा ने बताया कि यह मैसेज पिछले दो तीन दिनों से चल रहा था कि हम नियमों का पालन करते हुए अपनी-अपनी छतों और बाल्कनी पर कम से कम पांच से सात दिये जलाएं और रामनवमी मनाए। यह काफी अच्छा लगा और इससे किसी भी नियम का उल्लंघन भी नहीं हो रहा था इसलिए हम सभी ने अपनी-अपनी छतों पर दीये जलाए।
राजनगर एक्सटेंशन स्थित सांगवान हाईट्स में भी लोगों ने बाल्कनी को दिवाली की तरह सजा दिया। क्रासिंग रिपब्लिक की सभी सोसायटीज में लोगों ने मिलकर समय तय किया और सभी ने एक साथ अपनी पूरी सोसायटीज को जमगमा दिया। क्रासिंग निवासी क्षितिज सिंघल ने बताया कि सभी ने शाम ६.३० बजे का समय निर्धारित किया था सभी ने शाम को एक साथ दिये जलाए।