शहर में बनाए जाने वाले पार्किंग स्थलों के लिए कार्रवाई बैठकों और पत्रों में ही हो रही है। एसी ऑफिसों में बैठक कर बनाए गए सारे प्लान फेल साबित हो रहे हैं। धरातल पर पार्किंग व्यवस्था कहीं भी नहीं है। पिछले छह साल में 20 बार यातायात पुलिस की ओर नगर निगम को पत्र भेजकर शहर में पार्किंग स्थल बनाने की मांग की गई लेकिन नगर निगम ने एक भी पत्र का जवाब नहीं दिया। ये ही वजह है कि शहर में पार्किंग की समस्या बरकरार है।
नगर निगम की बोर्ड मीटिंग रही हो या स्मार्ट सिटी के तहत शहर में होने वाले विकास कार्याें पर चर्चा। हर मीटिंग में शहर में पार्किंग का मुद्दा खूब उठाया गया। 2018 से 2024 तक 100 से ज्यादा बैठकें हो चुकी हैं। एसी ऑफिस में बैठक पार्किंग पर अफसरों ने लंबा चौड़ा प्लान तो बनाया लेकिन सड़कों पर जाकर सभी प्लान धड़ाम हो गए। बाजारों में पार्किंग की कोई व्यवस्था न होने के कारण दुकानों के बाहर ही लोग वाहन खड़े कर रहे हैं, जहां जहां सड़कें चौड़ी हैं वहां बीच सड़क में वाहन खड़े कर दिए जाते हैं जिससे सड़क को ही दो हिस्सों में बांट दिया जाता है। जिससे जाम की समस्या उत्पन्न होने लगती है। यातायात पुलिस शहर को जाम मुक्ति करना तो चाहती है लेकिन पार्किंग स्थल न होने के कारण सफल नहीं हो पाती है। पिछले छह साल में नगर निगम को यातायात पुलिस की अधिकारी 20 बार पत्र भेजकर शहर में पार्किंग स्थल बनाने की मांग कर चुकी है लेकिन किसी भी पत्र पर नगर निगम ने ध्यान नहीं दिया।
पार्किंग स्थल न होने से शहर में बन गए जाम के नए प्वाइंट
शहर के बुधबाजार, चौमुखा पुल, मंडी चौक, गलशहीद रोड पर तो पहले से ही जाम की समस्या रही है लेकिन अब शहर के नए बाजारों में पार्किंग न होने के कारण जाम लगना शुरू हो गया। सिविल लाइंस के नवीन नगर, हरथला, लाइनपार प्रकाश नगर चौराहा, खुशहालपुर रोड बुद्धि विहार में दुकानों के बाहर ही दुकानदार और ग्राहक अपने वाहन खड़े कर रहे है। जिस कारण यहां भी जाम की समस्या उत्पन्न होने लगी है।
शहर में पार्किंग न होने के कारण जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। नगर निगम को बीस बार पत्र भेजे गए हैं। जिसमें शहर में पार्किंग स्थल बनाने की मांग की गई है लेकिन नगर निगम की ओर किसी भी पत्र का जवाब नहीं दिया गया है। अगर नगर निगम की ओर से जल्द ही पार्किंग की व्यवस्था नहीं की जाएगी तो उच्च अधिकारियों को पत्र भेजे जाएंगे।
सुभाष चंद्र गंगवार, एसपी यातायात
स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर के पार्श्वनाथ प्लाजा, पीएमएस स्कूल, आवास विकास मार्केट सिविल लाइंस, सेंटमेरी स्कूल सिविल लाइंस के पास और रामगंगा विहार स्थित रजिस्ट्री कार्यालय के पास पार्किंग बनाई गई है। जल्द ही इसका ठेका दिया जाएगा। टाउनहाल के पास भी एक पार्किंग का निर्माण चल रहा है। यह भी ठेके पर दी जाएगी। इसके अलावा महिला थाना के पास वेंडिंग जोन, पीलीकोठी में सुगंध स्वीट्स के सामने, सेंटपॉल स्कूल के पास पार्किंग बनाई गई है। बुध बाजार में तीन स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। इन स्थानों पर पार्किंग की सुविधा निशुल्क शहर के लोगों को मिलेगी।- एके मित्तल, मुख्य अभियंता स्मार्ट सिटी